कर्बला का क़ब्ज़ा शीघ्र दिलाए प्रशासन- मौलाना कल्बे जवाद
भारत से अहलेबैत समाचार एजेंसी (अबना) की रिपोर्ट के अनुसार हज़रतगंज, लखनऊ स्थित वक़्फ़ कर्बला मोअतमुद्दौला पर काबिज़ संस्था से कर्बला ख़ाली कराने के लिए मौलाना कल्बे जवाद की अध्यक्षता में बड़ी संख्या में लोगो ने हज़रतगंज, नरही के मछली मंडी स्थित कर्बला के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्बला पर क़ाबिज़ संस्था से क़ब्ज़ा ख़ाली कराकर वहाँ दो इमामों के रौजों तथा कर्बला में अज़ादारी की इजाज़त दिए जाने की माँग कर रहे थे। प्रदर्शन के मद्देनज़र भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने कर्बला का निरीक्षण करने के लिए कर्बला में जाने का प्रयास कर रहे मौलाना कल्बे जवाद नक़वी सहित अन्य ओलेमा को कर्बला में जाने से रोका वहीं इस मौक़े पर शिया वक़्फ़ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिज़वी व कर्बले प्रबंधन कमेटी के वाइस चेयरमैन मो. हैदर रिज़वी भी मौजूद थे। ज्ञात हो कि हज़रतगंज, लखनऊ स्थित वक़्फ़ कर्बला मोअतमुद्दौला शिया वक़्फ़ बोर्ड मे दर्ज है और वसीम रिज़वी शिया वक़्फ़ बोर्ड के चेयरमैन हैं तो भी प्रशासन ने उन्हे कर्बला में जाने से रोक दिया, जिस पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाज़ी की प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ओलेमा को कर्बला का निरीक्षण करने की अनुमति दी जाए अन्यथा वे वहीं पर धरना करने को बाध्य होंगे। बाद में जिला प्रशासन के अधिकारियों के तीन दिन के भीतर कर्बला का निरीक्षण कराने के आश्वासन पर प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
प्रदर्शन से पूर्व नरही स्थित मस्जिद नूरमहल में मौलाना कल्बे जवाद नक़वी ने ज़ोहर की नमाज़ अदा कराई। नमाज़ के उपरान्त बड़ी संख्या प्रदर्शनकारी मौलाना कल्बे जवाद की अध्यक्षता में नारेबाज़ी करते हुए मछली मंडी स्थित कर्बला मोअतमुद्दौला पहुँचे और ज़ोरदार प्रदर्शन किया।
समाचार समाप्त
.........
166